जनपद के सभी ग्राम वासियों को कोविड-19 का टीकाकरण करवाना अति आवश्यक - जिलाधिकारी bastinews
जनपद के सभी ग्राम वासियों को कोविड-19 का टीकाकरण करवाना अति आवश्यक - जिलाधिकारी
इसमें ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका- डीएम
सनशाइन समय बस्ती से मनीष मिश्रा की रिपोर्ट
बस्ती। जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने कहा है कि कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण प्रमुख अस्त्र है। हमें अपने गांव के सभी लोगों को टीका लगवाना है। इसमें ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न ब्लॉकों के 28 ग्राम प्रधानों को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि कोरोना हमारे सामने चुनौती के रूप में है। उन्होंने उपस्थित ग्राम प्रधानों को इसका संकल्प भी दिलाया कि वे सभी अपने गांव के सभी नागरिकों का टीकाकरण कराएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य जिलों में काफी संख्या में टीकाकरण कराया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने सदर ब्लाक के गणेशपुर गांव के ग्राम प्रधान रहमान को एक दिन में 150 टीका लगवाने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना का टीका को-वैक्सीन तथा कोवीशील्ड हमें कोरोना वायरस से बचाव करता है। को-वैक्सीन का दूसरा डोज 24 दिन पर तथा कोवीशील्ड का दूसरा डोज 84 दिन पर लगेगा। 18 वर्ष की आयु के लोगों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि 45 वर्ष से ऊपर के लोग, जो गंभीर बीमारियों से ग्रसित हैं, उन्हें प्राथमिकता पर टीका लगवाए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा आशाओं के माध्यम से प्रत्येक गांव में कोरोना से बचाव के लिए दवा का किट वितरित किया जा रहा है। ग्राम प्रधानगण कोरोना लक्षण वाले लोगों को चिन्हित करने तथा उन्हें दवा दिलाने में सहयोग करें। कोरोना का टीका लगने पर कुछ समय के लिए बुखार आ सकता है, परंतु इसके लिए घबराने की जरूरत नहीं। यह बुखार क्षणिक होता है और कुछ समय बाद उतर जाता है। लेकिन टीका लगवाने से पूरे जीवन की सुरक्षा हो जाती है।
उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपील किया कि गांव में स्वच्छता अभियान नियमित रूप से संचालित रखें। सोडियम हाइपोक्लोराइड का नियमित रूप से छिड़काव करते रहें। यदि कोई कोरोना वायरस संक्रमित पाया जाता है वहां कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा। ग्राम प्रधान कंटेनमेंट जोन के नियमों का सख्ती से पालन कराएं तथा संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए हुए लोगों का कोरोना वायरस की जांच कराएं। जांच रिपोर्ट आने तक परिवार के प्रत्येक सदस्य अलग-अलग रहे। सभी लोग मास्क का प्रयोग करें तथा नियमित रूप से हाथ की धुलाई करते रहें।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 राजेश कुमार प्रजापति ने कहा कि निगरानी समिति के सभी सदस्यों को सक्रिय करें। वह घर-घर जाकर लोगों को टीकाकरण के बारे में जानकारी दें। टीका पूरी तरह सुरक्षित है और इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है।
इस अवसर पर एडीएम अभय कुमार मिश्र, उपायुक्त मनरेगा इंद्रपाल सिंह, डीपीआरओ विनय सिंह, सहायक विकास अधिकारी प्रशांत खरे एवं विभिन्न ग्राम पंचायतो के ग्रामप्रधान कमलेश शाह, कमलेश कुमार, पंचमराम, अश्वनी कुमार यादव, मुकेश यादव, द्रोपती, अजय, सावित्री देवी, बैजनाथ, रामउजागिर, अनीता यादव, दिनेश कुमार, जयरानी, कमला, उमेश, विजय प्रकाश, अनीता देवी, राजकुमारी, एजाज अहमद, कुलदीप वर्मा उपस्थित रहे।