डीएम ने सर्वाधिक टीकाकरण कराने वाले ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित bastinews
डीएम ने सर्वाधिक टीकाकरण कराने वाले ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
-28 ग्राम प्रधानों एवं ग्राम सचिवों को टीकाकरण का दिलवाया संकल्प
सनशाइन समय बस्ती से मनीष मिश्रा की रिपोर्ट
बस्ती। जिलाधिकारी सौम्या अग्रवाल ने कहा है कि कोविड-19 से बचाव के लिए टीकाकरण प्रमुख अस्त्र है। हमें अपने ग्रामसभा के सभी लोगों को टीका लगवाना है। इसमें ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न ब्लॉकों के 25 ग्राम प्रधानों को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि कोरोना हमारे सामने चुनौती के रूप में है। उन्होंने उपस्थित ग्राम प्रधानों को इसका संकल्प भी दिलाया कि वे सभी अपने गांव के सभी नागरिकों का टीकाकरण कराएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य जिलों में काफी संख्या में टीकाकरण कराया जा रहा है।
इस अवसर पर उन्होंने दुबौलिया ब्लाक के ऊजी मुस्तकम गांव के ग्राम प्रधान अनीता यादव को एक दिन में 328, साॅऊघाट ब्लाक के धमौरा गाॅव के ग्राम प्रधान रीमा चौधरी को 350, साॅऊघाट ब्लाक के मझौआजगत गाॅव के ग्राम प्रधान वृजनारायण सिंह को 250 तथा बनकटी ब्लाक के नेवरी गाॅव के ग्राम प्रधान अभय शंकर शुक्ल को 110 टीका लगवाने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना का टीका को-वैक्सीन तथा कोवीशील्ड हमें कोरोना वायरस से बचाव करता है। को-वैक्सीन का दूसरा डोज 24 दिन पर तथा कोवीशील्ड का दूसरा डोज 84 दिन पर लगेगा। 18 वर्ष की आयु के लोगों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि 45 वर्ष से ऊपर के लोग, जो गंभीर बीमारियों से ग्रसित हैं, उन्हें प्राथमिकता पर टीका लगवाए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा आशाओं के माध्यम से प्रत्येक गांव में कोरोना से बचाव के लिए दवा का किट वितरित किया जा रहा है। ग्राम प्रधानगण कोरोना लक्षण वाले लोगों को चिन्हित करने तथा उन्हें दवा दिलाने में सहयोग करें। कोरोना का टीका लगने पर कुछ समय के लिए बुखार आ सकता है, परंतु इसके लिए घबराने की जरूरत नहीं। यह बुखार क्षणिक होता है और कुछ समय बाद उतर जाता है। लेकिन टीका लगवाने से पूरे जीवन की सुरक्षा हो जाती है।
उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपील किया कि गांव में स्वच्छता अभियान नियमित रूप से संचालित रखें। सोडियम हाइपोक्लोराइड का नियमित रूप से छिड़काव करते रहें। यदि कोई कोरोना वायरस संक्रमित पाया जाता है वहां कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा। ग्राम प्रधान कंटेनमेंट जोन के नियमों का सख्ती से पालन कराएं तथा संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए हुए लोगों का कोरोना वायरस की जांच कराएं। जांच रिपोर्ट आने तक परिवार के प्रत्येक सदस्य अलग-अलग रहे। सभी लोग मास्क का प्रयोग करें तथा नियमित रूप से हाथ की धुलाई करते रहें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डाॅ0 राजेश कुमार प्रजापति, पीडी कमलेश सोनी, सहायक विकास अधिकारी प्रशांत खरे एवं विभिन्न ग्राम पंचायतो के ग्रामप्रधान रामतौल चौधरी, रामकली, राजकुमार, रामभारत, रीमा, बजरंगीलाल, अभिषेक कुमार, सुनील त्रिपाठी, अमरावती, मनोज कुमार, रणजीत सिंह, अजय सिंह, अभय शंकर शुक्ल, वृजनारायण सिंह, प्रधानप्रतिनिधि चन्द्रमणि, प्रधानप्रतिनिधि दीपचन्द, प्रधानप्रतिनिधि सोनू पटेल, गीता वर्मा, नीलम, विजयलक्ष्मी, सर्वेश कुमार, जयसिंह, पुनीता, अनीता यादव उपस्थित रहे।