स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए
रामकिशोर सिंह ब्यूरो चीफ सनशाइन समय इटावा
इटावा। माय भारत इटावा की उपनिदेशक सोनिका चंद्रा के निर्देशन में 1 अगस्त से 15 अगस्त तक चलाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़ा अभियान के अंतर्गत तहसील क्षेत्र जसवंतनगर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से चित्रकला, रंगोली एवं स्वच्छता नारों के जरिए लोगों और विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान के अंतर्गत माय भारत यूथ क्लब नगला तौर एवं निलोई के नेतृत्व में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य रहे। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए छात्राओं एवं स्वयंसेवकों से स्वच्छता का संदेश घर-घर पहुंचाने तथा इसे दैनिक जीवन की आदत बनाने का आह्वान किया। अध्यक्षता प्रधानाचार्या प्रज्ञा सिंह ने की। छात्राओं ने चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। खुशी राजपूत, राखी, आफरीन एवं आलिया सहित छात्राओं ने स्वच्छता से संबंधित नारे लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों को स्वच्छ जीवन अपनाओ का संदेश दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने की। इस दौरान माय भारत यूथ क्लब के सदस्य ऋषभ पाठक, कु. नीरज, शिवेक कुमार, पियूष पाठक, आयुष कुमार, लालमन एवं राजेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कॉलेज स्टाफ की ओर से शिक्षिका ज्योत्सना, प्रीति सिंह एवं समस्त स्टाफ ने सहयोग किया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।