सुहेल हत्याकांड। 20 दिन बाद कब्र से फिर निकाला जाएगा मृतक का शव। दुबारा होगा पोस्टमार्टम, वीडियोग्राफी के आदेश।
रिपोर्ट अशोक शुक्ल
___________________________
सुलतानपुर ।गोसाईगंज थाना क्षेत्र के द्वारिका गंज पुलिस चौकी के निकट सेमरी दरगाह में 18 दिन पूर्व सुहेल की हत्या के मामले में डीएम ने सीएमओ को दुबारा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया है। पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का कारण स्पष्ट नही होने के कारण डीएम ने आदेश दिया है
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के सेमरी दरगाह निवासी सुहेल पांच साल पूर्व गांव में हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपी था। अधिवक्ता प्रवीण श्रीवास्तव के मुताबिक पुरानी रंजिश व प्रधानी चुनाव विवाद हत्या का कारण बना। मृतक के परिजनों के मुताबिक सात जून की शाम चांदपुर के रमजान ने सुहेल का बकाया रुपया देने के लिए उसे घर बुलाया था। 8 जून को उसका शव चांदपुर सराय सुभागा के पास नाले में मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मुकदमा दर्ज किया गया लेकिन पीएम रिपोर्ट में हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। पीड़ित परिवार ने दुबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की जिस पर डीएम ने सीएमओ को कब्र से शव निकलवाने और वीडियोग्राफी में दुबारा पोस्टमार्टम कराने का आदेश दिया है। मृतक के परिजन आरोपियों पर एक विधायक का हाथ होने और विधायक के प्रभाव में पुलिस पर जांच व कार्रवाई में लीपापोती करने का आरोप भी लगाया है।