ETAWAH News सफलता-दो बाइक चोरों को अबैध असलाह समेत पुलिस ने किया गिरफ्तार
सफलता-दो बाइक चोरों को अबैध असलाह समेत पुलिस ने किया गिरफ्तार
● बाइक चोरों से चोरी की आधा दर्जन बाइकें की बरामद,
भरथना पुलिस ने दो बाइक चोरों को चोरी की 6 बाइक, अवैध असलाह समेत गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय सिंह ने मामले का खुलासा कर पुलिस टीम के कार्य की सराहना की।
कोतवाली भरथना में पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय सिंह ने खुलासा करते हुए बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा0 बृजेश कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद भर में चलाये जा रहे चैकिंग अभियान के दौरान सोमवार की सुबह करीब 10 बजे से भरथना पुलिस भरथना-बकेवर मार्ग स्थित पालीबम्बा पर वाहन चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो बाइकों पर अलग-अलग दो व्यक्ति संदिग्धावस्था में आते दिखे। जिन्हें रोकने पर बाइकों के दस्तावेज दिखाने में असमर्थ दिखे। जामातलाशी में पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों अन्नू उर्फ अमित कुमार पुत्र रामशंकर निवासी सुजीपुरा व विवेक कुमार पुत्र मेहताब सिंह निवासी ग्राम नगला पाली, पालीकलां से एक 315 बोर तमंचा, दो जिन्दा कारतूस, एक अदद चाकू बरामद किया है। पकडे गये बाइक चोरों से पूछतांछ में पुलिस ने चोरों की निशानदेही पर पहले की गई विभिन्न बाइक चोरियों की घटना को स्वीकारते हुए चार अन्य बाइकें बरामद की हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी श्री सिंह ने चोरों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक कुमार,उपनिरीक्षक नागेन्द्र सिंह,कां0 धर्मेन्द्र सिंह, राघवेन्द्र सिंह,रवि पवार, सरताज अहमद आदि के कार्य की सराहना की।
