सीडीओ ने विकास कार्यो में तेजी लाने तथा निर्माण कार्यो को समय से पूरा करने के दिए निर्देश
सनशाइन समय बस्ती से मनीष मिश्रा की रिपोर्ट
बस्ती । विकास कार्यो में तेजी लाने तथा निर्माण कार्यो को समय से पूरा करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी डॉ0 राजेश कुमार प्रजापति ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है। विकास भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होने कहा कि माहवार पूरे होने वाले निर्माण कार्यो की सूची तीन दिन के भीतर उपलब्ध कराये। उन्होने निर्देश दिया कि 755 पंचायत भवन का निर्माण पूरा करने में तेजी लाये। उन्होने 07 पंचायत भवन जिनके लिए भूमि उपलब्ध नही हुयी है कि सूची देने के लिए डीपीआरओ को निर्देशित किया है।
उन्होने कहा कि पराली प्रबन्धन के लिए शासन द्वारा विशेष जोर दिया जा रहा है। सभी खण्ड विकास अधिकारी पराली प्रबन्धन के लिए कार्ययोजना तैयार कर लें तथा सुनिश्चित करे कि इसे खेत में न जलाया जाय। उन्होने इस कार्य के लिए सभी ग्राम प्रधानों को जागरूक करने का भी निर्देश दिया है। उन्होने कहा कि गोशालाओं में रखे गये गोवंशीय पशुओं को ग्रामवासियों को सुपुर्दगी में दें।
उन्होने निर्देश दिया है कि 19 अगस्त को पूरे जिले में मोहल्ला पाठशाला की पुनः जॉच करायी जायेंगी। सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी सुनिश्चित करे कि सभी स्कूलों के अन्तर्गत मोहल्ला पाठशाला का संचालन नियमित हों। उन्होने यह भी निर्देश दिया है कि 23 अगस्त से खुलने वाले जूनियर हाई स्कूल में पेयजल तथा शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित कराये। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नही होंगी। उल्लेखनीय है कि विगत जॉच में 525 मोहल्ला पाठशाला संचालित होना नही पाया गया था, जिसके लिए जिम्मेदार के विरूद्ध कार्यवाही भी की गयी है।
उन्होने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बाढ क्षेत्र में पूर्व निर्धारित कार्य योजना के अनुसार कार्य कराना सुनिश्चित करें। उन्होने कहा कि जिले में अभी बाढ की स्थिति नही है लेकिन लगातार बारिश होने से जलप्लावन हो रहा है। ऐसी स्थिति में बाढ चौकियों को सक्रिय करें। वहॉ तैनात कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करावे, नाव की व्यवस्था रखें।
उन्होने डीपीआरओ को निर्देश दिया कि ग्राम पंचायत को आवंटित धनराशि के व्यय में तेजी लाये। अभी तक मात्र 34 प्रतिशत धनराशि व्यय हो पायी हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में समूह गठन का कार्य संतोषजनक है। नियमित रूप से प्रतिमाह समूह गठन का लक्ष्य पूरा करें। उन्होने विकास कार्यक्रमों में जनपद की स्थिति, ग्राम्य विकास, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, पेयजल, प्रधानमंत्री जन विकास योजना, कन्या सुमंगला योजना, अतिकुपोषित बच्चों की स्थिति, सहकारिता, नहरों मे टेल तक पानी एंव अन्य योजनाओं की समीक्षा किया।
बैठक का संचालन अर्थ एवं संख्याधिकारी टी0पी0 गुप्ता ने किया। बैठक में परियोजना निदेशक कमलेश सोनी, जिला विकास अधिकारी अजीत श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी रूधौली आनन्द श्रीनेत, जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह, रामदुलार, ए0के0 सिंह, सभी खण्ड विकास अधिकारी तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।