सदर विधायक ने जिला अस्पताल में बाहर की दवा लिखे जाने मुख्य चिकित्साधीक्षक को दी चेतावनी - Sunshine samay सनशाइन समय

सदर विधायक ने जिला अस्पताल में बाहर की दवा लिखे जाने मुख्य चिकित्साधीक्षक को दी चेतावनी

 


-चार दिन के अंदर सुधार नही होगी कार्रवाई – सदर विधायक दयाराम चौधरी

सनशाइन समय बस्ती से मनीष मिश्र की रिपोर्ट

बस्ती। जिले के  सदर विधायक दयाराम चौधरी बृहस्पतिवार को अचानक जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत के बाद पता चला कि अधिकांश दवाएं बाहर से लिखी जा रही हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए विधायक दयाराम चौधरी ने मुख्य चिकित्साधीक्षक आलोक वर्मा को मामलों की जानकारी दी। चेतावनी दी कि यदि चार दिन के भीतर स्थितियों को न सुधारा गया तो वह दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की पहल करेंगे।

विधायक दयाराम चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार मरीजों को समुचित निःशुल्क चिकित्सा देने के लिए संकल्पित है। सरकारी अस्पतालों में दवाएं उपलब्ध हैं, यही नहीं जन औषधि केंद्रों पर रियायती दर पर दवाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में डाक्टर मरीजों को बाहर की मंहगी दवाएं क्यों लिख रहे हैं। कहा कि यदि मरीजों का आर्थिक शोषण हुआ तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आक्सीजन प्लांट के बारे में जानकारी ली तो बताया गया कि वह बंद है। उन्होंने कहा कि तत्काल आक्सीजन प्लांट शुरू कराया जाए। जिला अस्पताल पूरी तरह से सुविधा सम्पन्न रहे। यदि कोरोना की तीसरी लहर आती भी है तो संसाधन की कमी न होने पाए और मरीजों को पूरी सुविधा मिले। विधायक दयाराम चौधरी ने मुख्य चिकित्साधीक्षक आलोक वर्मा को निर्देश दिया कि वह स्वयं वार्डों और आउटडोर का प्रतिदिन निरीक्षण करें। यदि किसी मरीज से ऑपरेशन के नाम पर या अन्य कोई कारण बताकर धन उगाही का मामला सामने आया तो जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

निरीक्षण के दौरान विधायक दयाराम चौधरी के साथ विधायक प्रतिनिधि राजकुमार शुक्ल, अजय कुमार श्रीवास्तव, ओम जी पांडेय, अंकुर श्रीवास्तव, राजन पांडेय, राम कुमार तिवारी, जय प्रकाश पांडेय, राघवेंद्र पांडेय, राम बहादुर वर्मा, लालचंद चौधरी आदि शामिल रहे।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url