मोतीगंज अन्त्येष्टि स्थल तक अर्थी पहुँचना होता है मुश्किल - Sunshine samay सनशाइन समय

मोतीगंज अन्त्येष्टि स्थल तक अर्थी पहुँचना होता है मुश्किल



प्रीतम सिंह संवाददाता

● पालिका की अनदेखी के चलते अन्त्येष्टि स्थल का कच्चा जर्जर मार्ग बना मुसीबत,
शासन की मंशानुसार आम जनमानस की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए भरथना नगर पालिका परिषद की देख रेख में नगर के मुहल्ला मोतीगंज में बनवाये गये अन्त्येष्टि स्थल के मुख्य मार्ग की कच्ची जर्जर गली में जलभराव के कारण उक्त मार्ग पर अर्थी लेकर निकलना परेशानी का कारण बना हुआ है। आसपास के लोगो को मजबूरन अन्तिम संस्कार के लिए अर्थियों को नगर से दूर बिधूना रोड़ स्थित सती मन्दिर या फिर बकेबर रोड़ स्थित ग्राम मोढ़ी के आगे सेंगर नदी पुल के निकट पागल बाबा मन्दिर स्थित के मोक्षधाम लेजाना पड रहा है।
मोतीगंज वार्ड के सभासद प्रतिनिधि विपिन पोरवाल"छोटे"ने बताया कि नगर पालिका परिषद ने शासन के निर्देश पर आम जनमानस की सुविधा के लिए नगर के मुहल्ला मोतीगंज स्थित रेलवे पावर हाउस के समीप नवीन अन्त्येष्टि स्थल का निर्माण कराया गया है। किन्तु उक्त अन्त्येष्टि स्थल तक आवागमन करने वाले मुख्य मार्ग की करीब 150 मीटर लम्बी गली का निर्माण न होने से अन्तिम संस्कार के लिए जाने वाले मुहल्लेवासियों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड रहा है। बरसात के दिनों में कच्ची गली व दलदली मिट्टी में जलभराव होने के कारण लोगों को मजबूरन दाह संस्कार के लिए सती मन्दिर या पागल बाबा मन्दिर के समीप स्थित मोक्षधाम पर जाना पड रहा है। उन्होंने बताया कि समस्या के सम्बन्ध में पालिका प्रशासन को अवगत करा गया है,किन्तु पालिका प्रशासन की अनदेखी के कारण समस्या का समाधान नहीं कराया जा सका है।
उक्त सम्बन्ध में नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी रामआसरे कमल ने बताया कि अन्त्येष्टि स्थल के जर्जर कच्चे मार्ग का निर्माण कराया जाना पालिका प्रशासन की जिम्मेदारी है। उक्त अन्त्येष्टि स्थल के उक्त जर्जर कच्चे मार्ग के निर्माण हेतु भाजपा शासन की महत्वाकांक्षी पण्डित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पालिका योजनान्तर्गत टेण्डर स्वीकृत हो चुका है। बरसाती मौसम समाप्त होने के उपरान्त दो माह के अन्दर उक्त मार्ग का निर्माण शीघ्रता के तहत कराया जायेगा।
Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url