भरथना पालिका के सफाई कर्मचारियों को दो माह से नही मिला वेतन
जिला सम्वाददाता-विजयेन्द्र तिमोरी,
● वेतन मानदेय नही मिलने से सफाई कर्मचारी पहुँचे भुखमरी की कगार पर,
● भरथना एसडीएम को 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंप लगाई न्याय की गुहार,
● समय रहते न्याय नही मिलने पर 19 जुलाई से सफाई की हड़ताल होगी शुरू,
भरथना नगर पालिका परिषद में स्थायी व संविदा सहित आउटसोर्शिंग के अन्तर्गत कार्यरत एक सैकडा से अधिक सफाई कर्मचारियों ने अपनी 9 सूत्रीय माँगों का एक ज्ञापन पत्र भरथना उपजिलाधिकारी समेत अधिशाषी अधिकारी को सौंपा। माँगें पूरी न होने पर आगामी 19 जुलाई से हडताल करने की चेतावनी दी है।
शुक्रवार को अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रैड यूनियन शाखा इटावा के जिलाध्यक्ष सोनू कुमार के नेतृत्व में भरथना नगर पालिका परिषद में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत धर्मेन्द्र कुमार,मिथलेश कुमारी,सुशील कुमार,रामस्वरूप,प्रमोद कुमार,दिलीप कुमार,गीता,गुड्डी,मीना, सन्तोषी,संगीता,रमेश,विनीता संजीव, मीरा,सुनीता देवी,नीलम,ममता,कुसमा समेत एक सैकडा से अधिक स्थायी व संविदा समेत आउटसोर्शिंग सफाई कर्मचारियों ने संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त 9 सूत्रीय माँगों का एक ज्ञापन पत्र भरथना उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुँच कर एसडीएम हेम सिंह को और भरथना नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी रामआसरे कमल को सौंपा है। अधिकारियों को सौंपे गये ज्ञापन में सफाई कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें करीब दो से तीन माह से वेतन व मानदेय नहीं दिया जा रहा है। जिससे वह और उनका परिवार भुखमरी की कगार पर है। स्थायी कर्मियों का 5 वर्ष से बोनस नहीं मिला,साथ ही उन्हें पालिका से ड्रेस नहीं दी गई,संविदा कर्मियों का 8 वर्षों से एरियर नहीं मिला,ठेका कर्मियों को साप्ताहिक छुट्टी नहीं दी जाती है,समेत 9 सूत्रीय माँगें प्रमुख हैं। साथ ही सफाई कर्मचारियों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि यदि समय रहते उनकी माँगें पूरी नहीं हुई, तो वह आगामी 19 जुलाई से काम काज छोड़कर हडताल पर बैठने को बाध्य होगें। वहीं अधिशाषी अधिकारी रामआसरे कमल ने बताया कि दो माह का बकाया वेतन व मानदेय में से एक माह का मानदेय व वेतन शीघ्र ही कार्यरत कर्मचारियों के खातों में हस्तान्तरित करा दिया जायेगा तथा अन्य समस्याओं का भी शीघ्र ही निस्तारण किया जायेगा।
