गरज के साथ बरसेंगे मेघ:बर्फबारी से लकदक होंगे पहाड़, जानें मौसम का ताजा अपडेट Weather update
वैज्ञानिक भाषा में बात करें तो उत्तराखंड सहित पूरे देश में सीजनल शिफ्टिंग का दौर चल रहा है। इसके कारण ही इस साल जाड़ों की बारिश और बर्फबारी समय पर नहीं हुई। इसी बीच अब उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य में नौ जनवरी को ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक समूचे राज्य में नौ और दस जनवरी को गरज और चमक के साथ बारिश के आसार हैं। साथ ही ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार हैं।जाड़ों के सीजन में बारिश न होने के कारण सूखे के हालात झेल रहे उत्तराखंड में जल्द ही मौसम बदलने वाला है। मौसम को लेकर आईएमडी ने ताजा अपडेट जारी कर दिया है। राज्य में आगे गरज के साथ बारिश और फिर भीषण ठंड का दौर शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
तीन दिन मौसम रहेगा शुष्क
तीन दिन मौसम शुष्क रहने के बाद नौ जनवरी को राज्य में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं। ऐसे हालात में पिछले एक माह से बारिश और बर्फबारी का इंतजार कर रहे लोगों के लिए जल्द ही खुशखबरी आ सकती है।
बारिश से मैदानी इलाकों में भी मिलेगी राहत
नौ जनवरी को पर्वतीय इलाकों में बारिश-बर्फबारी की संभावना है। दस जनवरी को पूरे राज्य में बारिश की संभावना है। इससे पहाड़ में ठंड बढ़ने के आसार हैं। वहीं दूसरी ओर बारिश से मैदानी इलाकों में कोहरे के कारण बढ़ रही ठंड से भी लोगों को निजात मिलेगी। इससे आर्द्रता भी कम हो जाएगी।मैदान में छाया रहा कोहरा
उत्तराखंड के यूएस नगर और हरिद्वार आदि मैदानी जिलों में शनिवार को कोहरे ने लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी । आज मौसम विज्ञान केंद्र ने मैदानी जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। देर शाम मैदानी इलाकों में कोहरे के कारण विजिविलटी काफी कम हो गई थी। दिन में सूर्य के दर्शन भी नहीं हो पा रहे थे।