यूपी में जिस दल में हम होंगे उसी दल की बनेगी सरकार : शिवपाल सिंह यादव - Sunshine samay सनशाइन समय

यूपी में जिस दल में हम होंगे उसी दल की बनेगी सरकार : शिवपाल सिंह यादव


इटावा, (नीलकमल)। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने दावा किया है कि वो जिस दल में होंगे 2022 में उसी दल की उत्तर प्रदेश में सरकार बनेगी। पीएसपी प्रमुख शिवपाल शनिवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र जसंवतनगर और ताखा मे ऑक्सीजन प्लांट का शिलान्यास करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस दल में वो होंगे उसी दल की 2022 उत्तर प्रदेश विधानसभा में सरकार बनेगी। आज उत्तर प्रदेश की ऐसी ही स्थिति है, हमारा संगठन बहुत मजबूत है।
उन्होंने कहा कि पीएसपी ने इटावा सदर से पूर्व सांसद रघुराज सिंह साहब और भरथना से पूर्व मंत्री गया प्रसाद वर्मा के बेटे सुशांत वर्मा को टिकट देने की घोषणा की है। इसके बावजूद हम चाहते हैं कि उत्तर प्रदेश की जो हालत है उसमें बदलाव जरूर हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ईमानदार हैं, लेकिन नौकरशाही में व्यापक भ्रष्टाचार चरम पर है जिससे जनता परेशान होकर चुप्पी साधे हुए है। लेकिन इसका जबाब चुनाव में मिलेगा। शिवपाल ने कहा कि 2022 में सरकार बनने के बाद प्रत्येक घर से एक बेटा और बेटी को नौकरी दिलवाएंगे। इसके अलावा बिजली बिल माफ कर के प्रति परिवार को 250 यूनिट मुफ्त बिजली दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है, कोई भी अधिकारी-कर्मचारी बिना रिश्वत के काम नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की पहली लहर आने से पहले ही बीजेपी सरकार को पता था, लेकिन इसके बावजूद कोई तैयारी नहीं की गई थी। तमाम लोग ऑक्सीजन के अभाव में जान गंवा बैठे। लेकिन अब ऐसा न हो इसके लिए उन्होंने अपनी विधायक निधि से ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए बीस लाख रूपए आवंटित किए थे। लेकिन अनुमति न मिलने के कारण प्लांट की शुरुआत नहीं हो सकी है। यदि ऑक्सीजन प्लांट की अनुमति नहीं मिलती है तो इसी रकम से अस्पताल में ऑक्सीजन कंसट्रेटर लगवाने का काम करेंगे। ‘योगी आदित्यनाथ ईमानदार, लेकिन नौकरशाही में व्यापक भ्रष्टाचार’ पीएसपी (लोहिया) अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तो ईमानदार हैं, लेकिन नौकरशाही में व्यापक भ्रष्टाचार चरम पर है। इसी कारण जनता परेशान होकर चुप्पी साधे हुए है जिसका जवाब चुनाव में मिलेगा। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार फैला हुआ है। इसकी शिकायत उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर की थी और कहा था आप तो ईमानदार हैं। लेकिन नौकरशाही मे भ्रष्टाचार फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र ताखा में भी कई अधिकारी बिना पैसे लिए काम नहीं करते हैं। तहसीलदार ताखा और लेखपाल बिना पैसे लिए काम नहीं करते हैं। शिवपाल यादव ने कहा कि ताखा में तहसीलदार खुलेआम भ्रष्टाचार कर रहे हैं। यदि सुधार नहीं किया तो वो क्षेत्र की जनता के साथ धरने पर बैठ जाएंगे। उन्होंने लोगों से वैक्सीन जरूर लगवाने की अपील की।उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के दिए बयान से हटकर कहा कि सभी लोग वैक्सीन अवश्य लगवाएं। यह सुरक्षित है. जिन लोगों ने वैक्सीन लगवाई है यदि उन्हें कोरोना संक्रमण हुआ भी है तो उसका असर ज्यादा नहीं होगा। उन्होंने बताया कि वो खुद भी वैक्सीन की पहली डोज लगवा चुके हैं।
Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url